भोपाल, जीतेन्द्र यादव। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में मातृशक्ति और दिव्यांगजनों के साथ सुना। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दिव्यांगजनों और मातृशक्ति के सशक्तिकरण से देश निरंतर सशक्त हो रहा है। उन्होंने कार्यक्रम के माध्यम से देश की विविधताओं को एक मंच पर लाकर सकारात्मक सोच का वातावरण तैयार करने के लिए प्रधानमंत्री के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

कार्यक्रम के दौरान सामाजिक न्याय विभाग और स्थानीय निकायों के सहयोग से दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल तथा अन्य आवश्यक सहायक उपकरण वितरित किए गए। साथ ही पात्र हितग्राहियों के लिए अनुकंपा नियुक्ति के पत्र भी तैयार कराए गए। मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार के साझा प्रयासों से दिव्यांगता की श्रेणियों को 7 से बढ़ाकर 21 किया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।


नशे के खिलाफ अभियान पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मन की बात के 140 एपिसोड में नशा छोड़ चुके लोगों की कहानियां यह दर्शाती हैं कि नशा किस तरह जिंदगी तबाह कर देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा नक्सलवाद के सफल दमन के बाद नशे के खिलाफ लिए गए संकल्प की तर्ज पर मध्य प्रदेश में भी ड्रग्स और तस्करों के खिलाफ कड़े कदम उठाए जाएंगे तथा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

महिला प्रतिनिधित्व का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लाए गए नारी शक्ति वंदन अधिनियम का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि आधी आबादी को लोकसभा और विधानसभाओं में उनका अधिकार मिलने से देश का लोकतंत्र और अधिक मजबूत होगा।