पन्ना, अमित सिंह राठौर। पन्ना-पहाड़ीखेड़ा मार्ग पर निर्माणाधीन रेलवे ब्रिज के पास बनाई गई कच्ची सर्विस रोड से दिनभर उड़ती धूल स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। सड़क पर नियमित पानी का छिड़काव नहीं होने से क्षेत्र में धूल का गुबार छाया रहता है, जिससे आसपास के निवासी, दुकानदार, राहगीर और स्कूली छात्र खासे परेशान हैं।
निर्माण स्थल के पास से गुजरने वाले वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को धूल के बीच आवागमन करना पड़ रहा है। दुकानों के भीतर धूल जमा होने से व्यापारियों को भी दिक्कत हो रही है और लोगों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर चिंता बढ़ रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार ने मौके पर पानी का टैंकर तो खड़ा कर रखा है, लेकिन उसका नियमित उपयोग नहीं हो रहा है। लोगों का कहना है कि टैंकर महज दिखावे के लिए रखा गया है, जबकि धूल रोकने के ठोस इंतजाम जमीन पर नहीं दिख रहे हैं। अब नागरिकों का सवाल है कि निर्माण अवधि के दौरान आम लोगों की सुविधा और सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी तय होगी और जिम्मेदार अधिकारी नियमित छिड़काव व सड़क व्यवस्था सुधारने के लिए कब कदम उठाएंगे।













