छतरपुर/खजुराहो, तुलसीदास सोनी। भारत के हृदय में स्थित मध्यप्रदेश के खजुराहो में स्थापित ‘आदिवर्त’ महज एक संग्रहालय नहीं, बल्कि जीवंत संस्कृति का उद्गम स्थल है। यह पारंपरिक जनपदीय एवं जनजातीय जीवन की जीवंत तस्वीर प्रस्तुत करता है, जहाँ परंपरा, कला और लोकसंस्कृति एक साथ साँस लेती हैं। मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग द्वारा संचालित आदिवर्त जनजातीय एवं लोककला राज्य संग्रहालय, खजुराहो में आयोजित साप्ताहिक सांस्कृतिक श्रृंखला ‘देशज’ के अंतर्गत दिनांक 28 नवम्बर 2026 को बुंदेलखंड के लोकगीतों एवं पारंपरिक बरेदी नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियाँ आयोजित की गईं।

कार्यक्रम की प्रथम प्रस्तुति निवाड़ी के श्री करन सिंह यादव द्वारा बुंदेली लोकगीत गायन के रूप में दी गई। उन्होंने देवी गीत, चौकड़िया, चेतावनी एवं लोकशैली जैसी पारंपरिक विधाओं की भावपूर्ण प्रस्तुतियों से श्रोताओं को बुंदेली लोकसंगीत की विशिष्ट शैली से परिचित कराया। उनकी प्रस्तुति में पारंपरिक लय, लोकभाषा की मिठास और क्षेत्रीय सांस्कृतिक परिवेश की सुंदर झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम की द्वितीय प्रस्तुति जबलपुर के श्री कृष्ण कुमार अहीर द्वारा बुंदेलखंड के पारंपरिक बरेदी नृत्य के रूप में दी गई। बरेदी नृत्य का गहरा संबंध बुंदेलखंड की कृषक एवं चरवाहा संस्कृति से है। इस लोकनृत्य की परंपरा आभीर समुदाय की सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी मानी जाती है। कालांतर में आभीर समुदाय ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं लीलाओं को अपनी लोकपरंपराओं में आत्मसात किया, जिसका प्रभाव आज भी लोकगीतों और नृत्य शैलियों में दिखाई देता है।

बुंदेलखंड में बरेदी नृत्य विशेष रूप से दीपावली के अवसर पर प्रारंभ होकर कार्तिक पूर्णिमा तक किया जाता है। इस नृत्य में आठ-दस युवक एवं किशोर पारंपरिक वेशभूषा धारण कर तीव्र लय और आकर्षक पदसंचालन के साथ सामूहिक नृत्य करते हैं। नृत्य के दौरान एक गायक द्वारा बुंदेली लोककविता की दो पंक्तियों वाली रचनाएँ, जिन्हें ‘दिवारी’ कहा जाता है, गाई जाती हैं। इन गीतों में श्रृंगार, नीति, धर्म एवं सामाजिक जीवन से जुड़े विविध भाव समाहित होते हैं। गोवर्धन पूजा और भगवान श्रीकृष्ण की लोकलीलाओं से इसका विशेष सांस्कृतिक संबंध है। बरेदी नृत्य बुंदेलखंड की समृद्ध लोकपरंपरा, सामुदायिक उत्सवधर्मिता और कृषक जीवन का सशक्त प्रतीक है।

कार्यक्रम की अंतिम प्रस्तुति खजुराहो के श्री मनोज पाठक द्वारा बुंदेली लोकगीत गायन के रूप में दी गई। उन्होंने देवी वंदना , दादरा, लांगुरिय एवं बनरा जैसे पारंपरिक लोकगीतों की प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ दीं। उनकी गायकी में बुंदेली लोकभाषा की मिठास, पारंपरिक गायन शैली और क्षेत्रीय लोकजीवन की सहज अभिव्यक्ति देखने को मिली।

‘देशज’ श्रृंखला के माध्यम से आदिवर्त संग्रहालय द्वारा मध्यप्रदेश के विभिन्न अंचलों के लोकगीतों, लोकनृत्यों एवं पारंपरिक कलाओं को मंच प्रदान किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य लोककलाकारों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ प्रदेश की समृद्ध लोकसांस्कृतिक विरासत का संरक्षण, संवर्धन एवं नई पीढ़ी तक उसका हस्तांतरण सुनिश्चित करना है।