मैहर, नरेन्द्र पटेल। ताला थाना क्षेत्र के ग्राम भदवा में चुनाव में वोट देने की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। इस घटना में महिला और उनके बेटे को चोटें आई हैं। पुलिस ने फरियादिया की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम भदवा निवासी रामकली मिश्रा (53) पति नरेंद्र प्रसाद मिश्रा ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि 28 नवंबर 2026 की रात करीब 9 बजे अशोक मिश्रा उनके घर के पास पहुंचे और वोट देने की बात को लेकर गाली-गलौज करने लगे। जब रामकली मिश्रा के बेटे विपिन मिश्रा ने उन्हें मना किया तो विवाद बढ़ गया और अशोक मिश्रा ने मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि इसके बाद अशोक मिश्रा के बेटे ऋषभ मिश्रा, शशांक मिश्रा, रोहित शुक्ला तथा अन्य लोग मौके पर पहुंचे और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस मारपीट में फरियादिया रामकली मिश्रा के सिर, पीठ और सीने में चोट आई है, जबकि उनके बेटे विपिन मिश्रा के सिर और दाहिने हाथ में चोट लगी है। घटना के दौरान गांव के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट के आधार पर ताला पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।













