भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' (महिला आरक्षण) और परिसीमन के मुद्दे पर मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। महिला आरक्षण को देश की मातृशक्ति का संवैधानिक अधिकार बताते हुए मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस हर विषय को केवल वोट बैंक के चश्मे से देखती है और परिसीमन का नाम सुनते ही उसके भीतर भूकंप व कंपन की स्थिति पैदा हो गई है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मध्य प्रदेश की जनता और सरकार लोकतंत्र के मंदिरों से पारित होने वाले इस ऐतिहासिक निर्णय का पूर्ण हृदय से स्वागत करती है और परिसीमन की प्रक्रिया में केंद्र सरकार की आवश्यकतानुसार हर कदम को अंगीकार करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

'हर चीज को वोट के चश्मे से देखती है कांग्रेस, महिलाओं को अधिकार दिलाना अपराध नहीं'

मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस की मानसिकता पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस कभी भी सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ सामने नहीं आती। उन्होंने भारतीय संस्कृति की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की आधी आबादी माताओं और बहनों की है तथा भारत की संस्कृति सदैव मातृसत्ता प्रधान रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम अपने देश को भी 'माता' के रूप में पूजते हैं और अपने आराध्य देवताओं में भी देवियों का नाम पहले लेते हैं—जैसे राधा-कृष्ण और सीताराम। ऐसे में माताओं और बहनों को संसद व विधानसभाओं में उनका उचित अधिकार दिलाना भला अपराध कैसे हो सकता है?


'अंग्रेज चले गए, कांग्रेस छोड़ गए'—महिला आरक्षण गिराने का लगाया आरोप

विपक्ष पर सीधा प्रहार करते हुए डॉ. मोहन यादव ने कहा कि "अंग्रेज चले गए, लेकिन कांग्रेस छोड़ गए।" उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस आज भी अपनी उसी पुरानी मानसिकता से बाहर नहीं आ पा रही है, जो एकाधिकार और पुरुष सत्तावादी व्यवस्था में विश्वास रखती है। मुख्यमंत्री ने जिम्मेदारी के साथ आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व में 'नारी वंदन अधिनियम' को गिराने का पाप कांग्रेस ने किया था और देश की जनता उसे इसके लिए कभी माफ नहीं करेगी।

पीएम मोदी के संकल्प की सराहना, मध्य प्रदेश में परिसीमन को लेकर जताई पूर्ण प्रतिबद्धता

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और दूरदर्शिता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने पूर्व में ही यह संकल्प लिया था कि जनता के आशीर्वाद से पुनः सत्ता में लौटकर बहनों को संसद और विधानसभाओं में उनका अधिकार दिलाया जाएगा। उन्होंने प्रसन्नता जताई कि अब यह ऐतिहासिक निर्णय कैबिनेट से पारित होकर लोकतंत्र के सबसे बड़े मंदिरों—लोकसभा और राज्यसभा की ओर बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार की ओर से वे इस कदम का अभिनंदन करते हैं और परिसीमन के माध्यम से भारत सरकार को जैसी भी आवश्यकता होगी, मध्य प्रदेश की जनता आगे बढ़कर उसे पूरी तरह स्वीकार करने के लिए तैयार है।