छतरपुर। जन सहयोग रसोई के तत्वावधान में तृतीय सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन शनिवार सुबह 11 बजे से शहनाई गार्डन में किया गया। समारोह में नगर और जिले के विभिन्न गांवों से आए 11 जोड़ों का विवाह वैदिक रीति-रिवाज और पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, जिला न्यायाधीश निवेश जायसवाल, जिला विधिक सहायता अधिकारी डॉ. वीरेंद्र चढ़ार, महाराजा छत्रसाल स्मृति शोध संस्थान के अध्यक्ष डॉ. भरत पाठक, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष पुष्पेंद्र प्रताप सिंह गुड्डू भैया, भाजपा महामंत्री विवेक उप्पल, कार्यालय मंत्री विवेक जैन, रोहित राजा, अधिवक्ता संघ अध्यक्ष शिव प्रताप सिंह और राजेश पिपरसनियां सहित अन्य अतिथियों ने नवदंपतियों को सुखद दाम्पत्य जीवन का आशीर्वाद दिया।
मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने पहले जोड़े सोनम और रोहित कुशवाहा को आशीर्वाद प्रदान किया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं जिला न्यायाधीश निवेश जायसवाल ने कहा कि सामूहिक विवाह आयोजनों से दहेज प्रथा जैसी कुरीति से छुटकारा मिलता है, इसलिए पति-पत्नी मिलजुल कर रहें और दाम्पत्य जीवन का निर्वहन करें। जिला विधिक सहायता अधिकारी डॉ. वीरेंद्र चढ़ार ने कहा कि साधु बनना आसान है, जबकि गृहस्थ जीवन में साथ निभाना एक सामाजिक जिम्मेदारी है, जिसे आपसी समझ से पूरा करना चाहिए। डॉ. भरत पाठक ने कहा कि नवविवाहित परिवार समाज, परिवार, देश और आयोजक संस्था के प्रति अपने उत्तरदायित्व को समझते हुए आजीवन साथ निभाने का संकल्प लें।
ये भी पढ़ें




इससे पूर्व बैंडबाजों के साथ घोड़ों पर सवार होकर दूल्हों का आगमन हुआ और जयमाला कार्यक्रम चला। समिति द्वारा दुल्हनों की सज्जा, भांवर के लिए तीन मंडप, पंडित, वर-वधु पक्ष के लिए भोजन सहित सभी व्यवस्थाएं की गई थीं। स्वयंसेवकों ने अतिथियों के स्वागत से लेकर विदाई तक की व्यवस्था संभाली। मंच संचालन डॉ. सुमति प्रकाश जैन और रिंकू असाटी ने किया।
समारोह में समिति द्वारा प्रत्येक नवविवाहिता को नई गृहस्थी शुरू करने के लिए अन्नपूर्णा माता व राधा-कृष्ण के चित्र, रामायण, अलमारी, बर्तन सेट, साड़ियां, शॉल, बाथरूम सेट, श्रृंगार सामग्री, कॉपर-पीतल के बर्तन, एलईडी टीवी, पलंग, लेडीज चप्पल, कुर्सी-टेबल, कंबल, बेडशीट, कूलर, सिलाई मशीन, मिक्सी, मिल्टन वाटर कैन, लहंगा, कलश सेट, गद्दे, कांच कटोरी सेट, इलेक्ट्रिक प्रेस, चावल, थाली-कटोरी-चम्मच-गिलास सेट, स्टील डलिया, ट्रॉली बैग, सीलिंग फैन, हॉकिंस प्रेशर कुकर, सिलेंडर-चूल्हा, तकिया, लेडीज व जेंट्स घड़ी, मंगलसूत्र, फ्रिज, लेडीज पर्स, स्वेटर, गर्म शॉल, पापड़ डिब्बा और वाटर जग सहित अन्य सामग्री भेंट की गई।
समारोह में सोनम कुशवाहा व रोहित कुशवाहा (छतरपुर), श्रुति ताम्रकार (छतरपुर) व सचिन ताम्रकार (अमानगंज, पन्ना), अनीता कुशवाहा (ग्राम सौरा) व शिवम कुशवाहा (छतरपुर), मुस्कान कुशवाहा (छतरपुर) व आदित्य कुशवाहा (बांदा), मनीषा कुशवाहा (छतरपुर) व मुकेश कुशवाहा (ग्राम बरकोहा), रचना बंसल (ग्राम अमरपुरा, बिजावर) व सुनील कुमार राही (खिरी उर्दमऊ), सपना कुशवाहा (छतरपुर) व निशांत कुशवाहा (बिजावर), किरन रैकवार व संतोष रैकवार (छतरपुर), जूली कुशवाहा (ग्राम सौरा) व अशोक कुशवाहा (छतरपुर), कमलेश राठ व करन कुशवाहा (ग्राम ढडारी) तथा अनगौर की चंदा कुशवाहा व सिजवाहा के देवीदीन कुशवाहा ने सात फेरे लेकर दांपत्य जीवन की शुरुआत की।













