छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। जिले के दमुआ थाने में शनिवार को जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने अचानक दबिश देकर पदस्थ प्रधान आरक्षक धरमदास यादव को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद थाने परिसर में अफरा-तफरी और पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, फरियादी दानिश अंसारी से जुड़े चेक बाउंस के एक मामले में खात्मा (खारजी) लगाने के बदले आरोपी प्रधान आरक्षक ने कुल 1 लाख रुपये की घूस मांगी थी। रिश्वत की मांग से परेशान फरियादी ने जबलपुर लोकायुक्त कार्यालय में मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के तकनीकी सत्यापन के बाद लोकायुक्त इंस्पेक्टर राहुल गजभिए के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाया और शनिवार को पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये लेते ही धरमदास यादव को धर दबोचा।
ये भी पढ़ें




मामले में उस वक्त नया मोड़ आ गया जब शिकायतकर्ता ने थाना प्रभारी की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।











