इंदौर। मध्यप्रदेश भाजपा की राजनीति में इंदौर से बड़ी खबर सामने आई है। पार्टी ने इंदौर की कोर कमेटी को छोटा करते हुए पांच नेताओं को बाहर कर दिया है। इन नेताओं को मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के विरोधी गुट से जुड़ा बताया जा रहा है। ऐसे में पार्टी के इस फैसले को इंदौर भाजपा की अंदरूनी राजनीति में अहम बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।


इन पांच नेताओं को किया गया बाहर

भाजपा की इंदौर कोर कमेटी से बाहर किए गए नेताओं में शामिल हैं:

गोपीकृष्ण नेमा – ग्वालियर के प्रभारी

सुदर्शन गुप्ता – बैतूल के प्रभारी

मानसिंह यादव – खेल प्रकोष्ठ के संयोजक

धीरज खंडेलवाल – व्यापारी प्रकोष्ठ

महेश पालीवाल – शिक्षक प्रकोष्ठ


कैलाश विजयवर्गीय और गौरव रणदिवे गुट की चर्चा

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इन पांचों नेताओं का मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के साथ बेहतर तालमेल नहीं रहा है। इन्हें प्रदेश भाजपा के महामंत्री गौरव रणदिवे के करीबी और समर्थक नेताओं में गिना जाता है। ऐसे में कोर कमेटी से इन नेताओं को बाहर किए जाने के बाद इंदौर भाजपा के भीतर गुटीय समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, इस फैसले के पीछे पार्टी की ओर से गुटबाजी को आधिकारिक कारण नहीं बताया गया है।


विधानसभा चुनाव में हारे प्रत्याशियों पर भी फैसला

बताया जा रहा है कि भाजपा ने कोर कमेटी को छोटा करने के लिए विधानसभा चुनाव में हारने वाले प्रत्याशियों को भी कमेटी से बाहर रखने का निर्णय लिया है। हालांकि, इंदौर में इस फैसले का कोई विशेष असर नहीं पड़ा, क्योंकि पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने जिले की सभी नौ विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज की थी। भाजपा के इस फैसले के बाद इंदौर की राजनीति में नए समीकरणों को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। अब देखना होगा कि कोर कमेटी में हुए इस बदलाव का स्थानीय संगठन की राजनीति पर क्या असर पड़ता है।