छतरपुर, विनोद मिश्रा । शादी समारोह में शामिल होने चंदला आए महोबा के नगर पालिका पार्षद पर करीब 10 से 12 लोगों ने तलवार, कुल्हाड़ी, लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में पार्षद गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उनके सिर में करीब 55 टांके आए हैं और पैर में फ्रैक्चर होने की भी जानकारी सामने आई है। घायल पार्षद ने पुलिस पर आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराएं न लगाने और शिकायत के अनुसार कार्रवाई न करने के आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार, घायल राजेश श्रीवास (35) पिता सुखलाल श्रीवास निवासी महोबा के रायकोट वार्ड के पार्षद हैं। यह घटना 19 नवंबर की रात करीब 11 बजे चंदला नगर में हुई। राजेश शादी समारोह में शामिल होने चंदला पहुंचे थे। इसी दौरान नगर में दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। वह घटनास्थल पर खड़े थे, तभी हथियारबंद करीब 10 से 12 लोगों ने उन पर हमला बोल दिया।
पीड़ित के मुताबिक हमलावरों ने सिर पर कुल्हाड़ी से कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गए। परिजनों ने उन्हें तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां तीन दिन इलाज चला। गुरुवार को निजी अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उन्हें जिला अस्पताल लाया गया, जहां ट्रॉमा वार्ड में उनका उपचार जारी है।
घायल राजेश का आरोप है कि उपचार के बाद जब वे परिजनों के साथ चंदला थाने शिकायत करने पहुंचे और आरोपी गुलाब पटेल का नाम लिया, तो पुलिस ने उनकी शिकायत के मुताबिक मामला दर्ज नहीं किया। उनका कहना है कि सिर में 55 से 56 टांके और पैर में फ्रैक्चर होने के बावजूद मामूली धाराओं में कार्रवाई की गई। पीड़ित ने यह भी दावा किया कि घटना के बाद मौके से पकड़े गए दो लोगों को पुलिस ने बाद में छोड़ दिया। उन्होंने बताया कि वे हमलावरों को व्यक्तिगत रूप से नहीं पहचानते, लेकिन एक व्यक्ति के जरिए गुलाब पटेल का नाम सामने आया, जिनका नाम लेने पर पुलिस ने शिकायत लिखने से इनकार किया।
चंदला थाना पुलिस ने गुलाब पटेल, लकी मिश्रा, नवाकर राय, विजय सिंह सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घायल पार्षद ने आरोपियों से जान का खतरा बताते हुए निष्पक्ष जांच, गिरफ्तारी और गंभीर धाराओं में कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि प्रभावशाली आरोपियों के दबाव में पुलिस कार्रवाई को कमजोर किया जा रहा है।
















