छतरपुर/बक्सवाहा, राजू दुबे। जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया ने शुक्रवार को बक्सवाहा का दौरा कर जनपद पंचायत सभागार में अधिकारियों और पंचायत कर्मियों की बैठक ली। बैठक में विकास कार्यों और शासकीय योजनाओं की समीक्षा के दौरान कार्य में लापरवाही बरतने वालों को उन्होंने कड़ी फटकार लगाई।

सीईओ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पंचायत की राशि का किसी भी तरह का दुरुपयोग और निर्माण कार्यों में अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सामुदायिक भवनों के निर्माण में स्वीकृत मापदंडों के अनुसार ही सरिया एवं अन्य सामग्री लगाने के निर्देश दिए। सीईओ ने सभी पंचायतों में नियमित जनसुनवाई आयोजित करने पर जोर दिया। साथ ही आंगनवाड़ी केंद्रों और स्कूलों में बच्चों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच करने को कहा। उन्होंने पंचायत कर्मियों को सप्ताह में कम से कम दो बार फील्ड निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए। सभागार में बैठक के बाद जिला पंचायत सीईओ ने शासकीय कन्या छात्रावास, पशु अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने इन संस्थानों में व्यवस्थाओं, कार्यप्रणाली और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।