छतरपुर/घुवारा, रूपेन्द्र पाल। घुवारा निवासी युवक भागी कुशवाहा की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और समाज के लोगों ने भगवां तिगड्डा पर सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान घंटों तक यातायात बाधित रहा। बाद में एसडीओपी बड़ामलहरा के आश्वासन के बाद जाम समाप्त कराया गया।
मृतक की बहन शांति बाई के अनुसार, 23 नवंबर को भागी कुशवाहा के घर पर विवाद हुआ था, जिसके बाद चार लोगों ने उनके साथ मारपीट की थी। आरोप है कि इसी मारपीट के बाद भागी की मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने में घुवारा पुलिस ने देरी की, जिससे नाराज होकर उन्होंने सड़क जाम किया।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही तहसीलदार प्रीतम सिंह गौड़, बमनोरा थाना प्रभारी कृपाल मार्को और भगवां थाना प्रभारी श्रद्धा शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को काफी देर तक समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। कुछ समय बाद एसडीओपी बड़ामलहरा प्रकाश मिश्रा घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने समाजसेवियों की मौजूदगी में परिजनों से बातचीत की और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।
















