छतरपुर, शिवम सोनी। जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र के बगमऊ गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब गांव के एक कुएं में गुरुवार को एक युवक का शव तैरता हुआ देखा गया। मृतक की पहचान राम मिलन अहिरवार (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कि बगमऊ गांव में ही अपने मामा के यहां रहकर जीवनयापन कर रहा था। परिजनों के अनुसार युवक पिछले दो-तीन दिनों से अचानक लापता हो गया था, जिसकी तलाश की जा रही थी।
मुन्ना राजपूत के कुएं में मिला शव, डायल-112 टीम मौके पर पहुंची
ग्रामीणों ने जब मुन्ना राजपूत के कुएं में एक शव को तैरते हुए देखा तो तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। खबर मिलते ही लवकुशनगर थाने की डायल-112 टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम में शामिल आरक्षक सतीश सिंह और पायलट शैलेंद्र पाठक ने घटनास्थल का मुआयना किया और स्थिति की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी।
पुलिस अधीक्षक ने दी जानकारी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि बगमऊ गांव के कुएं में मिले शव की शिनाख्त राम मिलन अहिरवार के रूप में हो चुकी है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में और कैसे हुई, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस द्वारा इस मामले में हर पहलू को ध्यान में रखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।











