छतरपुर, संजय अवस्थी। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के बक्सवाहा थाना क्षेत्र में एक स्थायी वारंटी को पकड़ने गई पुलिस टीम के साथ गंभीर और सनसनीखेज घटना सामने आई है। पुलिस बल जब शातिर आरोपी को दबोचने पहुंचा, तो उसने गिरफ्तारी से बचने के लिए भारी हंगामा शुरू कर दिया और अचानक एक आरक्षक पर हमला कर उसे दांतों से बुरी तरह काट लिया। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में ले लिया, लेकिन गिरफ्तारी के बाद मेडिकल जांच में जब आरोपी के एचआईवी (HIV) संक्रमित होने की पुष्टि हुई, तो पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और चिंता की लहर दौड़ गई।
घटना के तुरंत बाद घायल आरक्षक को प्राथमिक उपचार देकर एहतियात के तौर पर बेहतर इलाज और पोस्ट-एक्सपोजर प्रोफिलैक्सिस (PEP) प्रोटोकॉल के तहत सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) रेफर किया गया। आरक्षक को अस्पताल में डॉक्टरों की विशेष निगरानी में भर्ती कराया गया है, जहां उसका सघन उपचार जारी है और स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी स्थायी वारंटी होने के साथ-साथ एक अन्य आपराधिक मामले में भी लंबे समय से वांछित चल रहा था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी बक्सवाहा क्षेत्र में मौजूद है, जिसके आधार पर तत्काल पुलिस टीम गठित कर दबिश दी गई थी। जैसे ही जवानों ने उसे घेरा, उसने कानून के शिकंजे से भागने के लिए हिंसक प्रतिरोध किया और आरक्षक को जख्मी कर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिसकर्मियों को फील्ड में हर दिन विषम और अत्यंत चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच अपनी ड्यूटी का निर्वहन करना पड़ता है। उन्होंने आम नागरिकों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। एसपी ने जोर देकर कहा कि समाज में शांति और सुरक्षित वातावरण केवल पुलिस की सक्रियता और जनसामान्य के सामूहिक सहयोग से ही संभव है। फिलहाल आरोपी को वैधानिक प्रक्रियाओं के तहत अभिरक्षा में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।














