बालाघाट, रितेश सोनी। जिले के लांजी थाना क्षेत्र के ग्राम बोरी खुर्द में मंगलवार सुबह जमीन और मकान को लेकर दो पक्षों में जमकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से लोहे की रॉड, कुल्हाड़ी और पत्थरों का खुलकर इस्तेमाल किया गया। इस घटना में दोनों पक्षों के कई लोगों के घायल होने की खबर है।

पहले पक्ष का आरोप: सफाई करते समय किया गया जानलेवा हमला

घायल पक्ष के छत्तर नगपुरे ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अपने घर की दीवार पर प्लास्टर करने के लिए काई साफ कर रहे थे। इसी दौरान उनके पड़ोसियों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने लोहे की रॉड और कुल्हाड़ी से उनके सिर और पैरों पर गंभीर वार किए, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गए।

दूसरे पक्ष का पक्ष: मकान निर्माण रोकने को लेकर हुआ था विवाद

वहीं, दूसरे पक्ष से घायल महिला दिलेश्वरी नागपुरे ने घटना की अलग वजह बताई है। उनका आरोप है कि उनके पड़ोसी उनकी जमीन पर बन रहे मकान के निर्माण में बाधा डाल रहे थे और छत तोड़ने की कोशिश कर रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो पड़ोसी पक्ष के लोगों ने उनके परिवार पर पत्थरों से हमला कर दिया।

पुलिस जांच में जुटी, घायलों का अस्पताल में इलाज जारी

घटना के बाद दोनों पक्षों के पीड़ित पक्ष लांजी थाने पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मेडिकल रिपोर्ट तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।