भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भोपाल के रोशनपुरा चौराहे पर अपनी जायज मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे आदिवासी छात्र-छात्राओं के साथ पुलिस के कथित अभद्र व्यवहार की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि नागरिकों का लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखना अधिकार है, लेकिन पुलिस अधिकारियों द्वारा ‘जय जोहार’ का नारा लगाने वाले छात्रों के साथ जातिगत अपमानजनक व्यवहार करना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।


आदिवासी अस्मिता से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

जीतू पटवारी ने कहा कि ‘जय जोहार’ सिर्फ एक नारा नहीं है, बल्कि यह आदिवासी समाज की अस्मिता, संस्कृति और सम्मान का प्रतीक है। जिस समाज ने सदियों से इस धरती और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा की है, उसके सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली भाषा को किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा।


मुख्यमंत्री और डीजीपी तत्काल लें संज्ञान

कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (गृह मंत्री) और पुलिस महानिदेशक से मांग की है कि वे इस गंभीर मामले का तत्काल संज्ञान लें। उन्होंने मांग की है कि निष्पक्ष जांच कराकर संबंधित अधिकारी के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज की जाए, ताकि यह संदेश जाए कि आदिवासी समाज के सम्मान के साथ खिलवाड़ करने वालों को संरक्षण नहीं मिलेगा।


कार्रवाई न होने पर होगा उग्र आंदोलन

प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए जीतू पटवारी ने चेतावनी दी है कि यदि दोषी अधिकारी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी आदिवासी समाज के सम्मान की रक्षा के लिए कमिश्नर कार्यालय का घेराव करेगी। आवश्यकता पड़ने पर इस मुद्दे पर बड़ा प्रदेशव्यापी आंदोलन भी किया जाएगा।