छतरपुर, शिवम सोनी। महाराजपुर क्षेत्र के फुलरी टटम के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत में गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्ति ने ग्वालियर ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया है और परिजनों ने दूसरी बाइक जब्त कर कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 7 बजे महाराजपुर थाना क्षेत्र के फुलरी टटम के समीप दो मोटरसाइकिलों के बीच टक्कर हो गई। इस हादसे में 47 वर्षीय हरगोविंद पटेल पिता छबलाल पटेल, निवासी गढ़ीमलहरा गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां स्थिति नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए ग्वालियर रेफर किया, लेकिन ग्वालियर पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद से मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि दुर्घटना में शामिल दूसरी मोटरसाइकिल को पुलिस ने अब तक जब्त नहीं किया है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से दूसरी बाइक जब्त करने और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।