भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राजधानी भोपाल के एमपी नगर स्थित शासकीय प्रेस के सामने उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक बिजली के खंभे पर चढ़ गया। युवक को खंभे पर चढ़ा देख मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


सूचना मिलते ही एमपी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। पुलिस की समझाइश के बाद युवक को नीचे उतार लिया गया और पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया।


युवक ने आरोप लगाया कि वह हरदा जिले के पोस्ट ऑफिस में कार्यरत था, लेकिन उसे नौकरी से निकाल दिया गया। उसका कहना है कि अधिकारियों ने उससे 20 हजार रुपये की मांग की थी, जिसमें उसने 4 हजार रुपये दिए थे। इसके बावजूद उसे नौकरी पर नहीं रखा गया और बाद में पत्र जारी कर सेवा से हटा दिया गया।


जानकारी के अनुसार युवक अपनी शिकायत लेकर भोपाल स्थित डाक विभाग कार्यालय पहुंचा था। वहां संतोषजनक आश्वासन नहीं मिलने पर उसने विरोध स्वरूप खंभे पर चढ़कर हंगामा किया। फिलहाल पुलिस युवक से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।