दतिया। कांग्रेस नेता अवधेश नायक की एक सोशल मीडिया (फेसबुक) पोस्ट ने दतिया की राजनीति में खलबली मचा दी है। अवधेश नायक ने बिना सीधा नाम लिए पूर्व गृहमंत्री पर गंभीर आरोप लगाते हुए 2018 से लेकर 2023 तक के घटनाक्रमों को लेकर अपनी भड़ास निकाली है।


नायक ने दतिया विधानसभा के भंग कार्यकारिणी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए लिखा कि 2018 में उनके "आका" ने अपने पुत्र मोह में उन्हें पूरे पांच साल बदनाम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी रंजिश के तहत उन पर इंदौर में केस दर्ज कराया गया था। हालांकि, जब भाजपा संगठन ने इस मामले में प्रमाण मांगे, तो पूर्व गृहमंत्री कोई साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सके।


विजय जुलूस में माला फेंकने और लांछन लगाने का आरोप अवधेश नायक ने पुरानी बातें याद दिलाते हुए कहा कि 2018 के चुनाव में जीत के बाद जुलूस के दौरान उनके द्वारा पहनाई गई माला को उतारकर फेंक दिया गया था और शायरी सुनाकर उन्हें लांछित किया गया था।


"2023 में पूरा कर लिया हिसाब-किताब" अपनी पोस्ट में नायक ने कड़े शब्दों में लिखा कि 2008 में उनका टिकट काटे जाने का जो दर्द उन्हें दिया गया था, उसका 1000 गुना दर्द भाजपा ने उन्हें (पूर्व गृहमंत्री को) उपचुनाव में दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि 2018 में उन्होंने सीधा विरोध नहीं किया था, हालांकि उनके साथ जुड़े 2-3 लोगों ने विरोध किया था।


संगठनात्मक कार्रवाई पर जताया दुख हाल ही में हुई संगठनात्मक कार्रवाई पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई उन लोगों के लिए एक सबक है जो साथ रहकर भीतरघात करते हैं। उन्होंने आगे लिखा, "आप सभी दतिया के हैं, इसलिए मुझे आपके संगठन पर हुई यह कार्रवाई अच्छी नहीं लगी।"


अंत में निजी रिश्तों और आपसी सद्भाव का ध्यान रखने की अपील करते हुए उन्होंने लिखा, "हम दतिया में जन्मे हैं और यहीं मरेंगे।" पोस्ट के अंत में उन्होंने 'सबको जय माई की' लिखकर अपनी बात समाप्त की।