उमरिया। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले की मानपुर जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत परासी 'अ' में एक छोटे से भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान हुआ भारी-भरकम खर्च चर्चा का विषय बन गया है। केवल 30 मिनट के कार्यक्रम में 43,000 रुपए खर्च किए जाने का बिल सार्वजनिक होने के बाद ग्रामीण क्षेत्र से लेकर राजनीतिक गलियारों तक सवाल उठने लगे हैं।
12 लाख की सड़क, और 30 मिनट के नाश्ते पर 43 हजार का खर्च
भूमिपूजन कार्यक्रम: पंचायत में 29 मई को 300 मीटर लंबी सीसी रोड का भूमिपूजन किया गया था। इस सड़क की कुल लागत 12 लाख रुपए है। इस संक्षिप्त कार्यक्रम में स्थानीय विधायक मीना सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष अनुजा पटेल, और जनपद पंचायत अध्यक्ष ममता सिंह सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए थे। वायरल हुए बिलों के अनुसार, केवल आधे घंटे के कार्यक्रम में समोसों पर 6,000 रुपए और नमकीन पर 4,000 रुपए खर्च दिखाए गए हैं। अन्य खाद्य सामग्री और साज-सज्जा को मिलाकर कुल खर्च 43 हजार रुपए तक पहुंच गया।
ग्रामीणों और कांग्रेस ने सवाल उठाए
बिल सामने आने के बाद गांव के लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि महज आधे घंटे के कार्यक्रम में इतनी बड़ी राशि खर्च किया जाना पूरी तरह समझ से परे है। मामले तूल पकड़ने पर कांग्रेस नेत्री रोशनी सिंह ने भी खर्च से जुड़े इन बिलों को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।
अधिकारियों के बयान और जांच के निर्देश
सचिव की सफाई: ग्राम पंचायत सचिव राम हिलोर सिंह का कहना है कि कार्यक्रम में हुए वास्तविक खर्च के अनुसार ही वेंडर्स को भुगतान किया गया है। जनपद पंचायत के एपीओ राजेश कुमार ने माना कि कार्यक्रम के हिसाब से बिल ज्यादा प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि बिलों की गहन जांच कर खर्च का परीक्षण किया जाएगा। मानपुर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) अंकित सिरोठिया ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक जांच टीम गठित कर दी है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।




