भोपाल/दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव के परिणामों के बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। उपचुनाव में पार्टी के प्रदर्शन की समीक्षा के बाद भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने दतिया जिले की संपूर्ण संगठनात्मक संरचना को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है।

भाजपा मध्य प्रदेश के प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन द्वारा जारी आधिकारिक पत्र (क्रमांक: BJPMP/08/26/148) के अनुसार, यह कार्रवाई पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल के निर्देशानुसार और दतिया उपचुनाव के परिणामों की समीक्षा हेतु गठित विशेष समिति की अनुशंसा के आधार पर की गई है।

जिलाध्यक्ष सहित सभी पदाधिकारी पदमुक्त

जारी आदेश के तहत दतिया जिला अध्यक्ष श्री रघुवीर सिंह कुशवाह सहित जिला पदाधिकारी, जिला कार्यसमिति, मंडल, मोर्चा, प्रकोष्ठ, प्रकल्प और विभागों सहित संपूर्ण जिला संगठन की सभी संगठनात्मक इकाइयों को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया गया है।

समीक्षा समिति की रिपोर्ट के आधार पर की गई इस कार्रवाई से दतिया जिले की स्थानीय राजनीति में हड़कंप मच गया है। माना जा रहा है कि उपचुनाव में पार्टी की हार या भीतरघात की शिकायतों को देखते हुए प्रदेश नेतृत्व ने यह कड़ा कदम उठाया है, ताकि संगठन को नए सिरे से पुनर्गठित किया जा सके।

यह पत्र राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश जी, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल जी, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल जी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी और प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह जी सहित वरिष्ठ नेताओं को प्रतिलिपि के रूप में भेजा गया है।