भोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव के परिणाम आने के तुरंत बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को एक पत्र लिखा है। इस पत्र को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दतिया के जनादेश से यह पूरी तरह स्पष्ट हो चुका है कि प्रदेश की जनता अब झूठे वादों के बजाय पारदर्शिता, प्रशासनिक उत्तरदायित्व और ठोस परिणाम चाहती है। जीतू पटवारी ने पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों मिलकर मध्य प्रदेश में विभिन्न जनहितकारी विषयों पर 'श्वेत-पत्र' (White Paper) जारी करने की एक नई और स्वस्थ राजनीतिक परंपरा की शुरुआत करें।


दतिया का निर्णय केवल एक सीट का नहीं, पूरे प्रदेश के मन की आवाज

मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में जीतू पटवारी ने लिखा कि दतिया का चुनावी निर्णय केवल एक निर्वाचन क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे मध्य प्रदेश की जनता के मन की आवाज को दर्शाता है। आज की जनता केवल राजनीतिक बयानों के स्थान पर सकारात्मक और विकास आधारित विमर्श चाहती है, जहाँ समस्याओं को टालने के बजाय समाधान पर सीधी बात हो। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत यही है कि वह सत्ता और विपक्ष दोनों को जनता के प्रति जवाबदेह बनाए रखता है। इसलिए दतिया के जनादेश को केवल राजनीतिक हार-जीत के चश्मे से न देखकर मध्य प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य के एक बड़े अवसर के रूप में स्वीकार किया जाना चाहिए।


इन प्रमुख मुद्दों पर श्वेत-पत्र जारी करने का प्रस्ताव

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्ताव रखा कि प्रदेश की बुनियादी चुनौतियों पर राज्य सरकार को क्रमवार तरीके से आधिकारिक 'श्वेत-पत्र' जारी करने चाहिए। उन्होंने जिन मुख्य विषयों पर श्वेत-पत्र लाने का सुझाव दिया है, वे इस प्रकार हैं:

  • बिजली और पेयजल की सुगम व्यवस्था
  • शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं की वर्तमान स्थिति
  • किसानों और कृषि क्षेत्र की जमीनी चुनौतियां
  • युवाओं के लिए रोजगार के अवसर
  • प्रदेश की कानून-व्यवस्था व महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान
  • आदिवासी समुदाय, दलित और पिछड़ा वर्ग की सामाजिक-आर्थिक स्थिति


jituLatter1
jituLatter2



आरोप-प्रत्यारोप के बजाय आंकड़ों और तथ्यों पर हो बहस

पत्र के अंत में जीतू पटवारी ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी इन सभी जनहित के मुद्दों पर अपने तथ्य, सुझाव और दृष्टिकोण सार्वजनिक रूप से प्रस्तुत करने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने जोर देकर कहा कि एक स्वस्थ लोकतंत्र में विमर्श और बहस का आधार व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप नहीं, बल्कि प्रामाणिक तथ्य और आंकड़े होने चाहिए। यदि राज्य सरकार इस पहल को स्वीकार करती है, तो इससे प्रदेश की जनता के बीच यह संदेश जाएगा कि सरकार जनहित के मुद्दों पर खुले संवाद, आत्ममंथन और जवाबदेही के लिए पूरी गंभीरता से तैयार है।