छतरपुर, संजय अवस्थी। राजनगर तहसील के ग्राम चंद्रनगर घटियापुरा के निवासियों ने फर्जी राजस्व प्रविष्टि दर्ज कराकर जमीन पर कब्जा करने, उसे बेचने और वर्षों से काबिज लोगों को बेदखल करने की नीयत से गुंडागर्दी करने का गंभीर आरोप लगाया है। मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान पीडि़तों ने कलेक्टर को आवेदन पत्र सौंपकर अभिलेखों के निष्पक्ष सत्यापन और विधि सम्मत संरक्षण की मांग की है।


कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन में चंद्रनगर घटियापुरा के निवासियों लक्ष्मी प्रसाद यादव, तुलसादेवी कुशवाहा ने बताया कि वे और उनके पूर्वज चंद्रनगर स्थित भूमि पर पिछले लगभग 80 वर्षों से निरंतर काबिज चले आ रहे हैं। उनके कब्जे और भूमि अधिकारों के समर्थन में दस्तावेज भी उपलब्ध हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लक्ष्मी रैकवार व अन्य लोगों द्वारा बिना किसी सक्षम अधिकारी की वैध अनुमति के उक्त भूमि के संबंध में गलत राजस्व प्रविष्टि दर्ज करा ली गई है। खसरा नंबर 479 के कॉलम नंबर 03 में चिन्दी चिपकाकर गलत प्रविष्टि अंकित की गई है, जो निष्पक्ष जांच का विषय है।

पीडि़तों का कहना है कि इसी गलत प्रविष्टि के आधार पर अनावेदक भूमि पर अवैध रूप से अतिक्रमण करने और लंबे समय से काबिज लोगों को हटाने के लिए गुंडागर्दी कर दबाव बना रहे हैं। इससे उनके कब्जे, शांतिपूर्ण निवास और उपयोग पर गंभीर संकट आ खड़ा हुआ है। ग्रामीणों ने मांग की है कि विवादित राजस्व प्रविष्टि की वैधता की निष्पक्ष जांच कराई जाए और अवैध अतिक्रमण प्रमाणित होने पर दोषियों के खिलाफ कानून अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाए।