भोपाल, जीतेन्द्र यादव। भोपाल के लाल परेड मैदान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर एक भव्य स्वयंसेवक एकत्रीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह से ही मैदान में स्वयंसेवकों का आना शुरू हो गया था और धीरे-धीरे पूरी जगह संघ की निर्धारित गणवेश में सजे स्वयंसेवकों से भर गई। शताब्दी वर्ष के इस महत्वपूर्ण आयोजन को लेकर मैदान में व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं ताकि बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ता और स्वयंसेवक सहजता से भाग ले सकें।


कार्यक्रम में भोपाल सांसद आलोक शर्मा भी स्वयंसेवक की गणवेश में उपस्थित हुए। उनके साथ मंत्री विश्वास सारंग, विधायक रामेश्वर शर्मा और विष्णु खत्री तथा भाजपा जिला अध्यक्ष रविंद्र यति भी गणवेश में नजर आए। इन नेताओं की उपस्थिति ने आयोजन को और अधिक गरिमा प्रदान की। लाल परेड मैदान में सुबह से लेकर कार्यक्रम शुरू होने तक स्वयंसेवकों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा और शताब्दी वर्ष के इस समारोह में संघ के कार्यकर्ता तथा स्वयंसेवक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।


इस कार्यक्रम को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले संबोधित करेंगे। उनके संबोधन में संघ की शताब्दी यात्रा, संगठन के अब तक के कार्यों और आगामी गतिविधियों से जुड़े विषयों पर विचार रखे जाने की संभावना है। भोपाल में आयोजित यह एकत्रीकरण संघ के शताब्दी वर्ष को चिह्नित करने वाले महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में से एक माना जा रहा है।