गढ़ा/छतरपुर, रोहित पाठक। धार्मिक फिल्म ‘हनुमान अंश’ की निर्माता अनुप्रिया नागर शनिवार को छतरपुर जिले में स्थित प्रसिद्ध तीर्थ स्थल श्री बागेश्वर धाम पहुंचीं। धाम पहुंचकर उन्होंने सबसे पहले श्री बालाजी महाराज के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और उसके बाद बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से शिष्टाचार भेंट कर आशीर्वाद लिया। दर्शन और भेंट के उपरांत वे बागेश्वर सरकार की जन्मस्थली भी गईं, जहां उन्होंने उस छोटे से पुराने पैतृक घर को देखा जिसमें महाराजश्री का बाल्यकाल बीता था।

धाम प्रवास के दौरान अनुप्रिया नागर ने बागेश्वर धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक और धार्मिक प्रकल्पों का विस्तार से अवलोकन किया। उन्होंने निर्माणाधीन कैंसर अस्पताल, गौशाला और सनातन वैदिक गुरुकुलम की व्यवस्थाओं को देखा। सनातन वैदिक गुरुकुलम में उन्होंने सनातनी व वैदिक शिक्षा ग्रहण कर रहे बटुक ब्राह्मणों से आत्मीय संवाद किया। गुरुकुलम में शिक्षा ले रहे बटुकों ने वैदिक परंपरा के अनुरूप संस्कृत में सस्वर स्वस्ति वाचन कर उनका गर्मजोशी से स्वागत व अभिनंदन किया।

संवाद के दौरान उन्होंने गुरुकुलम के बटुकों के साथ बैठकर अपनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ भी देखी। इस अवसर पर अनुप्रिया नागर ने कहा कि बागेश्वर धाम आने से पहले ही उन्होंने मन बना लिया था कि वे यहां अध्ययनरत नन्हें बटुकों से जरूर मिलेंगी। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इन बटुकों से मिलकर उन्हें अपार शांति और आनंद की अनुभूति हुई है; विशेषकर बच्चों का आपस में धाराप्रवाह संस्कृत में वार्तालाप करना भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा की जीवंत और सुंदर तस्वीर पेश करता है।