इंदौर, रविकांत वर्मा। तुकोगंज थाना क्षेत्र स्थित लेंटर्न चौराहा पर एक ज्वेलरी दुकान पर शातिर ठगी का मामला सामने आया है। यहां दो महिलाओं ने बड़ी चालाकी से ज्वेलर को अपनी बातों में उलझाया और नकली चेन थमाकर उसकी एवज में असली सोने की चेन हड़प कर रफूचक्कर हो गईं। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों महिलाओं को हिरासत में ले लिया है और उनके पास से तीन नकली चेन भी बरामद की हैं।

घटना गत 28 अक्टूबर की शाम करीब 5 बजे की है। लेंटर्न चौराहा स्थित 'नाना भाई ज्वेलर्स' के संचालक दर्शन सोनी, जो कि जौहरी पैलेस कॉलोनी, अन्नपूर्णा के रहने वाले हैं, ने तुकोगंज थाने में इस धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी ज्वेलर ने पुलिस को बताया कि दुकान पर आई दोनों महिलाओं ने इस तरह का झांसा दिया कि उन्हें नकली चेन के असली होने का पूरा भरोसा हो गया। इसी धोखेबाजी का फायदा उठाकर महिलाओं ने दुकान में रखी असली सोने की चेन चुरा ली और मौके से फरार हो गईं।

शिकायत मिलने के बाद तुकोगंज पुलिस ने तकनीकी सहायता और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस पूछताछ में एक महिला की पहचान मीनाक्षी रघुवंशी, निवासी परदेशीपुरा के रूप में हुई है, जबकि उसकी दूसरी साथी महिला उज्जैन की रहने वाली है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।