बालाघाट, रितेश सोनी। जिले में महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। नवनियुक्त भाजयुमो जिलाध्यक्ष अमन गांधी पर उनकी ही भाभी पूजा गांधी ने मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के बाद भी मामला दर्ज न होने पर मंगलवार को बालाघाट विधायक अनुभा मुंजारे पीड़िता और उनके पति को लेकर थाना कोतवाली पहुंचीं। थाने में करीब दो से तीन घंटे तक नगर निरीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक के साथ तीखी बहस व चर्चा हुई। विधायक ने आरोपी पर तत्काल एफआईआर दर्ज करने और पीड़िता को पुलिस सुरक्षा देने की मांग की।

पीड़िता पूजा गांधी ने मीडिया के सामने आपबीती सुनाते हुए बताया कि करवा चौथ के दिन पद मिलने की खुशी में उनके देवर अमन गांधी ने दोस्तों के साथ घर पर शराब पार्टी की थी। इसी दौरान उनके साथ छह साल के मासूम बच्चे के सामने मारपीट और गाली-गलौज की गई। पीड़िता ने भावुक होते हुए कहा कि इस घटना के बाद उन्हें मां होने पर भी शर्म आ रही है और उन्हें अपनी जान का खतरा बना हुआ है।

थाने से बाहर आने के बाद विधायक अनुभा मुंजारे ने प्रदेश सरकार के 'नारी वंदन' और 'नारी सशक्तिकरण' के दावों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के दबाव के कारण पुलिस एफआईआर दर्ज करने से कतरा रही है। पुलिस अधिकारियों ने विधायक को एक-दो दिन के भीतर जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब देखना यह होगा कि पुलिस राजनीतिक रसूख से ऊपर उठकर निष्पक्ष कार्रवाई करती है या नहीं।