छतरपुर, विनोद मिश्रा। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत हनुमान टोरिया के पीछे मंगलवार हाट बाजार में मामूली बात पर दो दुकानदारों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि नौबत खूनी झड़प तक आ पहुँची। बीच सड़क पर दुकान लगाने को लेकर हुए इस झगड़े में एक दुकानदार ने दूसरे के सिर पर लोहे का बांट मार दिया, जिससे सब्जी विक्रेता गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खेरी की देवी के पास जवाहर रोड निवासी रमेश कुशवाहा अपनी पत्नी रेखा के साथ मंगलवार बाजार में सब्जी की दुकान लगाए हुए थे। इसी दौरान पास ही लड्डू-पीठ की दुकान लगाने वाले पुरुषोत्तम साहू से रास्ते में दुकान लगाने को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना गहराया कि आरोपी पुरुषोत्तम साहू ने रमेश कुशवाहा के सिर पर तराजू का बांट दे मारा, जिससे रमेश लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।

घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों की मदद से घायल रमेश को जिला अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ उनका प्राथमिक उपचार कर भर्ती कर लिया गया है। घायल पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाते हुए आरोपी पर सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

उल्लेखनीय है कि नगर पालिका प्रशासन द्वारा कई बार सख्त कदम उठाकर मुख्य मार्ग पर लगने वाले हाट बाजार को हटाने का प्रयास किया गया है, लेकिन इसके बावजूद दुकानदार बेखौफ होकर बीच सड़क पर दुकानें सजा लेते हैं। इस अव्यवस्था के कारण हाट वाले दिन आए दिन विवाद और हादसों की स्थिति बनी रहती है।