सागर/देवरी, त्रिवेन्द्र जाट। सागर जिले के देवरी में मंगलवार शाम पुलिस द्वारा अवैध आतिशबाजी और बिना लाइसेंस पटाखों के भंडारण के खिलाफ की गई कार्रवाई ने अचानक राजनीतिक मोड़ ले लिया। पुलिस ने कई ठिकानों पर दबिश देकर पटाखे जब्त किए और कुछ व्यापारियों को पूछताछ के लिए थाने ले आई।
कार्रवाई की खबर फैलते ही क्षेत्रीय विधायक बृज बिहारी पटेरिया अपने समर्थकों के साथ देवरी थाने पहुंच गए। भाजपा नेता को थाने लाए जाने से आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर मुर्दाबाद के नारे लगाए। इसके बाद विधायक पटेरिया ने बंद कमरे में थाना प्रभारी और एसडीओपी के साथ काफी देर तक चर्चा की। चर्चा समाप्त होने के बाद एक पटाखा व्यापारी को पुलिस के वाहन से ही घर छोड़े जाने की चर्चाएं जोरों पर रहीं, जिससे पूरी कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं।
मामले में थाना प्रभारी कपिल लक्ष्यकार ने बताया कि क्षेत्र में अवैध पटाखा भंडारण के खिलाफ सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। जिन स्थानों पर अवैध पटाखे पाए गए हैं, वहां नियमानुसार जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है। हालांकि, देर शाम तक पुलिस ने जब्त किए गए पटाखों की कुल मात्रा और कार्रवाई की जद में आए व्यापारियों की संख्या के बारे में कोई आधिकारिक विवरण साझा नहीं किया था। ऐसे में अब देखना यह होगा कि राजनीतिक दबाव के बीच अवैध पटाखा कारोबार के खिलाफ पुलिस की यह कार्रवाई आगे क्या रुख अपनाती है।














