मुरैना, देवेन्द्र सिंह राजपूत। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे 44 पर बदमाशों के हौसले लगातार बुलंद नजर आ रहे हैं। बानमोर स्थित श्रीराम कॉलेज के छात्रों से भरी एक बस पर आधा दर्जन से अधिक बाइक सवार बदमाशों ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया। बेखौफ बदमाशों ने अपनी मोटरसाइकिलें बस के आगे अड़ाकर गाड़ी को रुकवाया और फिर बस के अंदर घुसकर छात्रों के साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान उपद्रवियों ने बस में भी जमकर तोड़फोड़ की, जिससे बस चालक समेत तीन छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना को अंजाम देने के तुरंत बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। वहीं पीड़ित छात्र साहस दिखाते हुए बस को सीधे कोतवाली थाने लेकर पहुंचे और पुलिस को पूरी आपबीती सुनाई। छात्रों की शिकायत और तत्परता के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके से भागे आरोपियों की तीन मोटरसाइकिलें जब्त कर ली हैं। फिलहाल कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार बदमाशों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
















