छतरपुर, संजय अवस्थी। फसलों और खेतों का गिरदावरी सर्वे कार्य करने वाले सर्वेयरों ने मानदेय, सुरक्षा बीमा और नियमित रोजगार सहित अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जनसुनवाई में कलेक्टर को एक आवेदन सौंपा है। सर्वेयरों ने कार्य के दौरान आ रही व्यवहारिक दिक्कतों और जानलेवा खतरों से अवगत कराते हुए अपनी मांगों के निराकरण की गुहार लगाई है।
विक्रमपुर सर्वेयर राजदीप सिंह बुंदेला और अनिल कुमार तिवारी सहित अन्य सर्वेयरों ने बताया कि वर्ष 2026 की गिरदावरी का कार्य करने में उन्हें भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में खेतों में पानी भरा होने और बड़ा चारा उग आने के कारण जहरीले जीव-जंतुओं जैसे सांप और बिच्छू का खतरा बना रहता है। उन्होंने चंदला तहसील के अपने साथी सर्वेयर अमर कुमार दुबे पिता कामता प्रसाद दुबे का उदाहरण देते हुए बताया कि सर्वे के दौरान उन्हें सर्पदंश का शिकार होना पड़ा, जिससे उनकी तबीयत अब भी खराब बनी हुई है। सर्वेयरों ने मांग की है कि गिरदावरी की लोकेशन दूरी को 10 मीटर से बढ़ाकर 100 मीटर किया जाए ताकि जोखिम भरे खेतों के बिल्कुल पास जाने के बजाय सुरक्षित दूरी से एंट्री की जा सके। इसके अलावा, रैंडम प्रणाली और नवीन नियुक्तियों को बंद करने, सुरक्षा बीमा व सुरक्षा किट प्रदान करने, पेंडिंग फार्मर आईडी भुगतान को जल्द पूरा करने तथा मासिक मानदेय निश्चित कर नियमित रोजगार व नियुक्ति पद कार्ड देने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई है।




