छतरपुर, विनोद मिश्रा। जिले के नौगांव में मंगलवार दोपहर भीषण गर्मी और उमस के बीच हुई महज कुछ मिनट की बारिश ने नगर पालिका की सफाई और जल निकासी व्यवस्था की हकीकत सामने ला दी। बारिश शुरू होते ही मुख्य बाजार सहित कई इलाकों की सड़कों पर पानी भर गया और देखते ही देखते सड़कें तालाब जैसी नजर आने लगीं। जलभराव के कारण दुकानदारों, ग्राहकों और राहगीरों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।


स्थानीय लोगों और दुकानदारों का आरोप है कि नालियों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण उनमें गंदगी जमा है। बारिश होते ही नालियां उफना गईं और गंदा व बदबूदार पानी सड़कों पर बहने लगा। कई स्थानों पर यह पानी दुकानों और घरों तक पहुंच गया, जिससे लोगों में नगर पालिका की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी देखने को मिली।


नगरवासियों का कहना है कि नौगांव में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या नई नहीं है। हर साल बारिश में बाजार और आसपास के इलाकों में ऐसी स्थिति बनती है, लेकिन इसके स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। गंदा पानी जमा होने से क्षेत्र में दुर्गंध और गंदगी फैलने के साथ संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।


स्थानीय लोगों ने जलभराव के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किए और प्रशासन से समस्या के समाधान की गुहार लगाई। इस दौरान कुछ युवक जलभराव वाली सड़कों पर वाहन चलाकर स्टंट करते भी दिखाई दिए, जिससे हादसे का खतरा बना रहा।


नगरवासियों ने नगर पालिका और जिला प्रशासन से मांग की है कि नालियों की नियमित सफाई कराई जाए, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए और बारिश में बार-बार होने वाले जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।