बैतूल, सुरेन्द्र बावने । कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने मंगलवार को चिचोली जनपद कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में आमजन की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में सड़क, नाली, बिजली, अतिक्रमण, राजस्व, सीमांकन और पारिवारिक विवाद सहित विभिन्न मामलों के करीब 123 आवेदन आए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान ग्राम चूड़ियां निवासी सालकराम यादव की कृषि भूमि पर विद्युत कनेक्शन नहीं दिए जाने की शिकायत पर कलेक्टर ने संबंधित जूनियर इंजीनियर के विरुद्ध कार्रवाई करने और शीघ्र विद्युत कनेक्शन देने के निर्देश दिए। ग्रामीणों की सड़क पर लगे बिजली के खंभों से आवागमन बाधित होने की शिकायत पर एमपीईबी को पोल शिफ्ट करने के निर्देश भी दिए गए।
ग्राम गोंडूमंडई के किसानों ने एलटी लाइन के तार चोरी होने, ट्रांसफार्मर बंद होने और फसल नुकसान की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने संबंधित थाना प्रभारी को विद्युत तार चोरी के मामले में आपराधिक प्रकरण दर्ज करने और विद्युत विभाग को समस्या के निराकरण के निर्देश दिए।
वहीं ग्राम चूड़िया के ग्रामीणों ने मोरण्ड और कोंढर नदी पर पुल निर्माण की मांग रखी, जिस पर पीएमजीएसवाई के अधिकारी को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। मोरण्ड नदी पर बैराज निर्माण की मांग पर जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री को आवश्यक कार्रवाई के लिए कहा गया।
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने चिचोली जनपद से संबंधित सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की भी आवेदकों की मौजूदगी में सुनवाई की और अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। धनियाजाम पंचायत से जुड़ी शिकायतों की जांच कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा और एडिशनल सीईओ को सौंपी गई।




