मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। सुवासरा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक राधेश्याम पाटीदार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में वे जमीन विवाद को लेकर कथित तौर पर वर्तमान विधायक हरदीप सिंह डंग और प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते दिखाई दे रहे हैं। मामला दो पक्षों के बीच जमीन के मालिकाना हक और कब्जे को लेकर चल रहे विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।


एक पक्ष के बद्री सिंह ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पूर्व विधायक के परिवार पर उसकी जमीन पर धीरे-धीरे कब्जा करने का आरोप लगाया है। बद्री सिंह का कहना है कि जमीन का सीमांकन भी नहीं कराया जा रहा और उसे डराया जा रहा है। उसने कहा कि भविष्य में उसके या परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी राधेश्याम पाटीदार और उनके परिवार के सदस्यों की होगी। बद्री सिंह ने तहसीलदार और पुलिस से मामले में हस्तक्षेप की मांग करते हुए लंबे समय से सुनवाई नहीं होने का भी आरोप लगाया है।


वहीं दूसरे पक्ष का दावा है कि संबंधित जमीन पर वर्ष 1954 से उनका मालिकाना हक और कब्जा रहा है। पूरे विवाद पर पूर्व भाजपा विधायक राधेश्याम पाटीदार ने भी वीडियो जारी कर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उनका वीडियो कांट-छांटकर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है। पाटीदार के मुताबिक संबंधित किसान वर्ष 1954 से जमीन पर खेती करता आ रहा है और बाद में एक व्यक्ति ने शासकीय पट्टेदारी के जरिए जमीन खरीदकर उस पर कब्जे का प्रयास किया।


पूर्व विधायक ने कहा कि जमीन से संबंधित मामला न्यायालय, एसडीएम और तहसीलदार के यहां विचाराधीन है। गिरदावर की रिपोर्ट में बंदोबस्त संबंधी त्रुटि सामने आने की बात भी कही गई है। उन्होंने दावा किया कि ऐसी त्रुटियां कई गांवों में हैं, जिनके कारण जमीन संबंधी विवाद पैदा हो रहे हैं। पाटीदार ने यह भी स्पष्ट किया कि विवादित स्थान पर उनकी स्वयं की कोई जमीन नहीं है और वे दूसरे किसान के पक्ष में खड़े होने के लिए मौके पर पहुंचे थे।


वायरल वीडियो में पूर्व विधायक कथित तौर पर जमीन विवाद को लेकर परिवार सहित धरने पर बैठने की बात कहते हुए वर्तमान विधायक हरदीप सिंह डंग, पटवारी और तहसीलदार के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में वे यह भी कहते सुनाई दे रहे हैं कि यदि वे बिना खाना खाए धरने पर बैठ जाएंगे तो कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंचेंगे। फिलहाल वायरल वीडियो और दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप के बाद जमीन विवाद चर्चा का विषय बना हुआ है।