हाइवा की भयानक चपेट में दो युवकों की मौत, ग्रामीणों ने चालक को पीटा; पुलिस वाहन पर पथराव, जवान घायल

Advertisement
कटनी,प्रवीण तिवारी। कटनी जिले के स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत बंधी स्टेशन के रेलवे फाटक के निकट एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार हाइवा (क्रमांक PB 10 HN 2438) ने मोटरसाइकिल सवार दोनों युवकों को कुचल दिया।
मृतकों की पहचान धरवारा गांव निवासी राजा कोल (उम्र 30 वर्ष) और राजेंद्र कोल (उम्र 30 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना गुरुवार रात करीब 7 बजे की बताई जा रही है, जब दोनों युवक मोटरसाइकिल पर रेलवे फाटक की ओर आ रहे थे। हाइवा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों ने हाइवा चालक के साथ मारपीट की। गुस्साए लोगों ने चालक को पीट-पीटकर घायल कर दिया। जब सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो ग्रामीणों ने पुलिस वाहन पर भी पथराव कर दिया। पथराव में 112 वाहन चालक को गंभीर चोटें आईं।
बवाल की सूचना मिलते ही एसडीओपी आंकाक्षा चतुर्वेदी तुरंत मौके पर पहुंचीं और स्थिति को संभालते हुए ग्रामीणों को शांत करवाया। पुलिस ने हाइवा को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
देर रात तक मौके पर पुलिस बल तैनात रहा। स्थानीय लोगों ने हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बताई है। पुलिस ने शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल भी बुलाया।
