सागर, जीशान खान। बंडा थाना क्षेत्र के चौका स्थित बेबस नदी में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। नदी में नहाने या घूमने गए दो नाबालिग लड़के गहरे पानी में चले गए, जिससे डूबने से दोनों की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अमले और पुलिस में हड़कंप मच गया।
चार दोस्तों के साथ गए थे नदी देखने
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को चार दोस्त साइकिल पर सवार होकर बेबस नदी देखने के लिए निकले थे। नदी के पास पहुंचते ही दो किशोर पानी में उतर गए और गहराई का अंदाजा न होने के कारण डूबने लगे। उनके साथ मौजूद अन्य दो बच्चों ने तुरंत इस बात की सूचना बंडा पुलिस को दी।
पुलिस ने रेस्क्यू कर बाहर निकाले शव
सूचना मिलते ही बंडा थाना प्रभारी आनंद सिंह अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत तलाश अभियान शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद दोनों किशोरों को नदी से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की हुई पहचान, पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे में जान गंवाने वाले दोनों किशोरों की पहचान पीयूष (14 वर्ष, पुत्र राजकुमार रैकवार, निवासी सिविल लाइन बंडा) और कृष्णकांत उर्फ कान्हा जोगी (15 वर्ष, पुत्र गुलाब जोगी, निवासी जुगयाना मोहल्ला बंडा) के रूप में हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।
















