पुणे। इंडियन सुपर लीग 2026-27 के आठवें मैच में इंटर काशी ने दूसरे हाफ के अंतिम क्षणों में वापसी करते हुए ओडिशा एफसी के खिलाफ मैच 1-1 से ड्रॉ कराया। शनिवार को के श्री शिव छत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए इस मुकाबले के 56वें ​​मिनट में इंटर काशी के डिफेंडर प्रतीक चौधरी के 'ओन गोल' की बदौलत ओडिशा को बढ़त मिल गई थी, लेकिन बाद में थोई सिंह ने गोल करके दोनों टीमों के बीच अंकों का बंटवारा सुनिश्चित कर दिया।

दोनों टीमें शुरुआत में ही बढ़त बनाने की कोशिश कर रही थीं। पहले 15 मिनट में इंटर काशी ने सज्जाद पर्रे और वेन वाज के जरिए ओडिशा के डिफेंस को चुनौती दी। बॉक्स के बाहर से पर्रे का बाएं पैर से लगाया गया शॉट लक्ष्य से दूर रहा, जबकि जितेंद्र सिंह के पास से मिले मौके पर वेन वाज भी गोल करने से चूक गए।

इसके जवाब में ओडिशा एफसी ने भी कुछ मौके बनाए। 22वें मिनट में बॉक्स के बाईं ओर से रहीम अली के प्रयास को रोक दिया गया, जबकि मेहमान टीम लगातार सेट-पीस के जरिए खतरा पैदा करती रही। पहले हाफ के स्टॉपेज टाइम में रहीम को एक और मौका मिला, लेकिन उनका शॉट बाहर चला गया। इस तरह, पहला हाफ बिना किसी गोल के समाप्त हुआ।

दूसरे हाफ की शुरुआत में इंटर काशी ने आक्रामक रुख अपनाया, लेकिन रोसेनबर्ग गेब्रियल और वेन वाज के प्रयासों को ओडिशा के डिफेंस ने नाकाम कर दिया। हालांकि, 56वें ​​मिनट में ओडिशा को तब बढ़त मिल गई, जब इंटर काशी के प्रतीक चौधरी से गलती से गेंद अपनी ही टीम के नेट में चली गई।

76वें मिनट में ओडिशा अपनी बढ़त को दोगुना करने के करीब पहुंच गई थी, जब महमूद ईद ने लालरिनफेला खियांगटे के पास पर शॉट लिया, लेकिन इंटर काशी के गोलकीपर एल्बिनो गोम्स ने शानदार बचाव करते हुए अपनी टीम को मुकाबले में बनाए रखा।

दूसरे हाफ के अंत में इंटर काशी की लगातार कोशिशें रंग लाईं। एक सेट-पीस स्थिति के बाद, थोई सिंह को बॉक्स के बीच में जगह मिली और उन्होंने बाएं पैर से गेंद को गोल के निचले बाएं कोने में पहुंचाकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। मैच के अंतिम क्षणों में इंटर काशी ने जीत दिलाने वाले गोल के लिए जोर लगाया, लेकिन अरित्र दास की डायरेक्ट फ्री-किक काफी ऊपर और बाहर चली गई। कोई भी टीम निर्णायक गोल नहीं कर सकी और मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ, जिससे इंटर काशी को अंत में एक अंक मिला।