नौगांव, कमल यादव। नगर के वार्ड क्रमांक 3 स्थित वीरेंद्र कॉलोनी, बाबूजी की बगिया में खाटू श्याम बाबा और माता रानी की भक्ति से सजी एक भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में देश के विभिन्न हिस्सों से आए प्रख्यात भजन कलाकारों ने एक से बढ़कर एक मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। माता रानी के भजनों और खाटू श्याम बाबा के मधुर गीतों पर भक्त देर रात तक झूमते नजर आए। पूरे कार्यक्रम स्थल पर आस्था और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला।

भव्य आरती के साथ हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान से माता रानी की आरती और खाटू श्याम दरबार की अलौकिक आरती के साथ किया गया। इसके बाद स्थानीय और बाहर से पधारे सुप्रसिद्ध भजन कलाकारों ने अपनी सुरीली आवाज़ से समां बांध दिया। नौगांव के स्थानीय कलाकार केतन तिवारी, लखनऊ से आईं शालिनी मिश्रा व पूजा अवस्थी, तथा ग्वालियर से पधारे दीपक शर्मा ने एक से बढ़कर एक भक्ति भजनों की प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों द्वारा छेड़ी गई भजनों की धुनों पर श्रद्धालु सुधि-बुध खोकर नाचने और झूमने लगे।

अतिथियों का हुआ आत्मीय स्वागत

इस धार्मिक आयोजन में नगर के कई गणमान्य अतिथि सम्मिलित हुए। मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष अनूप तिवारी, नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष अंजुल सक्सेना, वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय अग्निहोत्री और वरिष्ठ नेता सामंत सिंह शीलू राजा ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम की आयोजक पार्षद सीमा अरविंद यादव ने सभी अतिथियों का फूल-मालाओं और तिलक के साथ स्वागत किया। भक्तों ने दरबार में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया और खाटू श्याम बाबा के जयकारों से पूरा प्रांगण गूंज उठा।

भक्ति संगीत के रंग में रंगे नगरवासी

भजन संध्या में उमड़ी भारी भीड़ और श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था। जैसे-जैसे रात गहरी होती गई, भजनों का दौर और अधिक परवान चढ़ता गया। माता रानी के जयकारों और खाटू श्याम बाबा के भजनों से पूरा वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। धार्मिक आस्था, संगीत और संगीत प्रेमियों के उत्साह से भरपूर इस भव्य आयोजन ने संपूर्ण नगरवासियों को भक्ति के रंग में सराबोर कर दिया।