पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले की अमानगंज थाना पुलिस ने बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की 'हिंदू सनातन रथ यात्रा' में भीड़ का फायदा उठाकर चोरी और चैन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पन्ना पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता नायडू के कुशल मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के बाबरिया गैंग के 10 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 5 महिलाएं भी शामिल हैं।
भीड़भाड़ का फायदा उठाकर झपट्टा मारते थे आरोपी: जानिए कैसे दर्ज हुआ मामला
12 अक्टूबर 2026 को पन्ना से अमानगंज पहुंची सनातन रथ यात्रा के दौरान हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी थी। इसी दौरान अमानगंज स्टेडियम से रवानगी के वक्त विधायक बंगले के पास शातिर चोरों ने भीड़ का फायदा उठाकर श्रद्धालुओं की जेब काट ली तथा सोने की चैन व मंगलसूत्र पार कर दिए। पीड़ित की शिकायत पर अमानगंज पुलिस ने अपराध धारा 304(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV फुटेज और सायबर सेल की मदद से बिछाया गया जाल
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एएसपी सुश्री वंदना चौहान व एसडीओपी गुनौर श्री नवीद दुबे के पर्यवेक्षण में अमानगंज थाना प्रभारी निरीक्षक हेमंत नायक और सायबर सेल की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की रूट मैपिंग की। मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर पुलिस टीमों ने राज्य के भीतर और बाहर दबिश देकर गिरोह के सभी 10 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।
सोशल मीडिया से जुटाई जाती थी धार्मिक आयोजनों की जानकारी
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य सोशल मीडिया के जरिए आगामी बड़े धार्मिक आयोजनों, यात्राओं, मेलों और बाजारों की जानकारी जुटाते थे। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से कार से मौके पर पहुंचकर भीड़ में शामिल हो जाते थे और समूह बनाकर चोरी व स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देकर फरार हो जाते थे।
जब्त सामग्री और गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 07 सोने की चैन, 01 पांचाल, 01 मंगलसूत्र, 02 धप्पा लॉकेट, 05 चांदी की चूड़ियां, 01 कड़ा, ₹29,780 नकद और 4 मोबाइल बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल सफेद ब्रेजा कार (RJ CV 2872), स्विफ्ट कार (DL 12 CH 2120) और एक बिना नंबर की विक्टोरियस कार भी जब्त की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में सुनीता बाबरिया, पुष्पा तोमर, आरती खटीक, पपीता बाई, उर्मिला बाबरिया (महिलाएं) तथा सुनील बबली, नीरज श्रीवास्तव, जोनी बाबरिया, मोनू सिंह और लीला राम यादव शामिल हैं।

















