सागर, स्वाति सोलंकी। जिले के देवरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मुआर खास गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक दिन पहले से लापता हुए 42 वर्षीय युवक का शव शुक्रवार शाम गांव के पास की नदी से बरामद किया गया। मृतक की पहचान गब्बर राजपूत (42) पुत्र नन्हेभाई राजपूत के रूप में हुई है, जो गुरुवार दोपहर से अपने घर से लापता था।

खेत के पास नदी किनारे मिले जूते

गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे से गब्बर का कोई सुराग नहीं मिल रहा था और उसका मोबाइल भी बंद आ रहा था। उसके भाई दंगल राजपूत ने देवरी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शुक्रवार शाम जब परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश करते हुए रोजा हार स्थित उसके खेत पर पहुंचे, तो उन्हें नदी किनारे गब्बर के जूते रखे हुए मिले।

गोताखोरों की मदद से निकाला गया शव

जूते मिलने के बाद नदी में तलाश की गई, लेकिन पानी गहरा होने के कारण परिजन कुछ नहीं कर सके। सूचना मिलने पर देवरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। कुछ ही देर में गोताखोरों ने नदी की गहराई से गब्बर का शव बाहर निकाल लिया।

पुलिस जांच और परिजनों का संदेह

इस सनसनीखेज मामले में परिजनों ने गब्बर की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। एसडीओपी अरुण उइके ने जानकारी दी है कि मृतक शराब पीने और बेचने का काम करता था, जिसके चलते उसके संपर्क में कई लोग थे। पुलिस इस मामले में कुछ संदिग्ध युवकों से पूछताछ कर रही है और हर पहलू से जांच को आगे बढ़ा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज

पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।