सागर/रहली (आशु दुबे )। सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे में तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे ग्राम गुड़ा खुर्द में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रहली भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, रहली थाना क्षेत्र की बलेह चौकी अंतर्गत ग्राम गुड़ा खुर्द के पास रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व (नौरादेही अभयारण्य) के मोहली वीट स्थित चंदेना तालाब के किनारे 11 वर्षीय लवकुश पिता राहुल सिंह आदिवासी एवं 12 वर्षीय शिवम पिता बाबू यादव अपने एक अन्य साथी के साथ मवेशियों को लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान तालाब किनारे पत्थर पर पैर फिसलने से दोनों बच्चे गहरे पानी में जा गिरे और डूबने लगे।
दोनों बच्चों को डूबता देख उनके साथ मौजूद एक साथी ने दौड़कर ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चों की तलाश शुरू की। बलेह चौकी पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि शिवम अपने परिवार का इकलौता पुत्र था, जबकि दोनों बच्चों के पिता मजदूरी के सिलसिले में बाहर रहते हैं। घटना से पूरे गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने मौके पर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रहली भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला तालाब में डूबने से हुई दुर्घटनावश मौत का माना जा रहा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।




