भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राजधानी भोपाल के भीम नगर इलाके में आज उस वक्त अनोखा नजारा देखने को मिला, जब मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खुद ई-बाइक (इलेक्ट्रिक स्कूटर) चलाकर एक संकरी गली में पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष का सफल कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूरे प्रदेश में चलाए जा रहे जनसंवाद कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री आज भीम नगर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री की ई-बाइक पर पीछे भोपाल दक्षिण-पश्चिम के विधायक भगवानदास सबनानी भी बैठे नजर आए, जिसे देख स्थानीय लोग बेहद उत्साहित हो गए।
इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 'विकसित भारत संकल्प अभियान' के अंतर्गत क्षेत्र के आम नागरिकों और केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा संवाद किया। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री भीम नगर की बेहद होनहार और 12वीं कक्षा की टॉपर छात्रा चांदनी के घर पहुंचे। सीएम ने चांदनी के घर जाकर उसे बधाई दी, शॉल-श्रीफल से उसका आत्मीय सम्मान किया और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए परिवार से भी मुलाकात की। इस जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से भाजपा सरकार पिछले 12 वर्षों की अपनी बड़ी उपलब्धियों और विकास कार्यों को सीधे जनता के बीच पहुंचा रही है।

