पन्ना/गुनौर, जीतेन्द्र रजक। गुनौर क्षेत्र के सुरदहा मार्ग पर चरहा धाम स्थित ऋषि वेदांश गौशाला में गोवंशों की बढ़ती संख्या को देखते हुए विस्तार एवं नए निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। गौशाला का संचालन पिछले करीब 10 वर्षों से बलदाऊ प्रसाद शास्त्री द्वारा किया जा रहा है। वर्तमान में यहां लगभग 50 से 60 गोवंशों का संरक्षण और पालन-पोषण किया जा रहा है।
गोवंशों की संख्या लगातार बढ़ने के कारण गौशाला में बेहतर और सुरक्षित व्यवस्थाएं विकसित करने के उद्देश्य से नए निर्माण कराए जा रहे हैं। गौशाला प्रबंधन ने गौसेवकों और समाजसेवियों से इस कार्य में सहयोग की अपील की है। प्रबंधन के मुताबिक इच्छुक लोग सीधे गौशाला पहुंचकर अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार निर्माण कार्य में सहयोग कर सकते हैं।
गौशाला में गोवंशों के चारे के लिए करीब 15 से 20 एकड़ चारागाह भूमि उपलब्ध है, जिससे उनके लिए पर्याप्त चारे की व्यवस्था की जाती है। वहीं गोवंशों की नियमित देखभाल के लिए कर्मचारियों को भी नियुक्त किया गया है।
सुरक्षा और निगरानी के लिए गौशाला परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से गोवंशों और परिसर की नियमित निगरानी की जाती है। गौशाला प्रबंधन का कहना है कि उनका उद्देश्य गोवंशों को सुरक्षित संरक्षण देने के साथ समाज में गोसेवा की भावना को बढ़ावा देना और अधिक से अधिक लोगों को इस सेवा कार्य से जोड़ना है।




