छतरपुर, संदीप यादव। शासकीय उच्चतर माध्यमिक सांदीपनि ईशानगर विद्यालय के प्राचार्य के खिलाफ छात्राओं ने गंभीर आरोप लगाते हुए जनसुनवाई में शिकायत की है। छात्राओं का आरोप है कि प्राचार्य बसंत लाल प्रजापति विद्यालय के गल्र्स टॉयलेट का उपयोग करते हैं। मना करने के बावजूद उनके द्वारा ऐसा किए जाने से छात्राएं खुद को असुरक्षित और असहज महसूस करती हैं। छात्राओं ने डीईओ और प्रशासन से मामले की जांच कर प्राचार्य को विद्यालय से हटाने की मांग की है।
छात्रा सुरभि कुशवाहा ने बताया कि उन्होंने मंगलवार को जनसुनवाई में आवेदन सौंपा है। उनका आरोप है कि प्राचार्य द्वारा केंद्र सरकार की अग्निवीर योजना को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की गई और योजना को कथित तौर पर कचरा बताया गया। छात्रा ने कहा कि प्राचार्य बार-बार बालिकाओं के टॉयलेट में जाते हैं, जिससे छात्राओं में असुरक्षा की भावना बनी हुई है।
वहीं छात्रा सरस्वती अहिरवार ने आरोप लगाया कि प्राचार्य का छात्राओं के साथ व्यवहार भी ठीक नहीं है। प्रार्थना के दौरान तेज आवाज में बोलने को लेकर भी उन्होंने छात्राओं से कथित तौर पर अभद्र तरीके से बात की थी। छात्राओं का आरोप है कि प्राचार्य विद्यालय के स्टाफ के साथ भी अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। छात्राओं ने जनसुनवाई में आवेदन देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और प्राचार्य को विद्यालय से हटाने की मांग की है।




