इंदौर। सराफा थाना क्षेत्र के नलिया बाखल निवासी अमन मालाकार की आत्महत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है। युवक की मौत के बाद परिजनों ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को शिकायत सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। परिवार का आरोप है कि प्रेम संबंध को लेकर युवती और उसके परिजनों द्वारा की गई प्रताड़ना से परेशान होकर अमन ने आत्मघाती कदम उठाया।
परिजनों के अनुसार अमन का पिछले करीब दो वर्षों से क्षेत्र की एक युवती के साथ प्रेम संबंध था और दोनों शादी करना चाहते थे। परिवारों को भी इस रिश्ते की जानकारी थी, लेकिन बाद में युवती द्वारा कहीं और शादी करने की बात कहे जाने से अमन मानसिक तनाव में रहने लगा। अमन की मौत के बाद उसके मोबाइल फोन से मिली चैटिंग को भी परिजन अपने दावों का आधार बता रहे हैं।
मृतक के परिवार ने आरोप लगाया है कि 15 मार्च को एक कार्यक्रम के दौरान युवती के पिता, भाई और मामा ने अमन के साथ मारपीट की थी। इस घटना के बाद वह और अधिक परेशान रहने लगा था। परिजनों का कहना है कि युवती का परिवार रिश्ते से अवगत होने के बावजूद लगातार उस पर दबाव बना रहा था।
अमन की मां संगीता मालाकार ने पुलिस अधिकारियों को लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं सराफा थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है तथा जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

