टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्थानीय नजरबाग प्रांगण में जिला स्तरीय सामूहिक योग अभ्यास कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जतारा विधायक हरिशंकर खटीक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम में श्रीमती सरोज राजपूत, सांसद प्रतिनिधि अनुराग वर्मा, अभय सिंह यादव सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई, जिला पंचायत सीईओ नवीत कुमार धुर्वे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी शामिल हुए। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में उपस्थित लोगों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के योग दिवस पर दिए गए संदेशों का लाइव प्रसारण भी देखा और सुना गया। वक्ताओं ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मिक संतुलन और स्वस्थ जीवनशैली का आधार है।
कार्यक्रम का समापन सभी नागरिकों के स्वस्थ, सुखी एवं निरोगी जीवन की कामना के साथ किया गया। योग दिवस के इस आयोजन ने जिलेवासियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और नियमित योग अपनाने का प्रेरक संदेश दिया।




