शाहगढ़ (पुष्पेन्द्र यादव)। शाहगढ़ में चार महीने पहले हुई स्टाफ नर्स दीपशिखा चढ़ार की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि आरोपी सुशील चढ़ार नर्स से एकतरफा प्रेम करता था और उससे शादी करना चाहता था। जब दीपशिखा की शादी दूसरी जगह तय हो गई और उसने शादी से इंकार कर दिया, तो आरोपी ने उसे गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस के अनुसार 26 वर्षीय दीपशिखा चढ़ार शाहगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पिछले दो वर्षों से स्टाफ नर्स के पद पर कार्यरत थीं। 4 फरवरी 2026 की रात वह ड्यूटी के लिए अपने किराए के कमरे से पैदल अस्पताल जा रही थीं। अस्पताल गेट के पास आरोपी सुशील चढ़ार ने उनका रास्ता रोक लिया। विरोध करने पर उसने देशी पिस्तौल से तीन फायर किए, जिनमें दो गोलियां दीपशिखा की पीठ में लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जांच में पता चला कि आरोपी और मृतका दूर के रिश्तेदार थे। सुशील लगातार दीपशिखा पर शादी का दबाव बना रहा था, लेकिन पारिवारिक और रिश्तेदारी संबंधों के कारण यह रिश्ता संभव नहीं था। इसी दौरान दीपशिखा की शादी कहीं और तय हो गई, जिससे नाराज होकर आरोपी ने हत्या की साजिश रच डाली। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह इस बात को बर्दाश्त नहीं कर पाया और इसी कारण वारदात को अंजाम दिया।
हत्या के बाद आरोपी लगातार इंदौर, मुंबई, अहमदाबाद और पीथमपुर सहित विभिन्न शहरों में छिपता रहा। उसने मोबाइल फोन का उपयोग भी बंद कर दिया ताकि पुलिस उसकी लोकेशन ट्रेस न कर सके। तकनीकी जांच में सफलता नहीं मिलने पर पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सूचना मिलने पर पुलिस ने जबलपुर के मुड़िया गांव में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी के चचेरे भाई सौरभ चढ़ार की भूमिका भी सामने आई, जिसने वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्तौल उपलब्ध कराई थी। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया गया है। मामले में आरोपी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह मामला एकतरफा प्रेम और अस्वीकार को स्वीकार न कर पाने की खतरनाक मानसिकता का उदाहरण है। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस महानिरीक्षक ने सफल कार्रवाई के लिए शाहगढ़ थाना प्रभारी संदीप खरे, एसडीओपी प्रदीप वाल्मीकि और पूरी टीम को बधाई दी है।




