मुरैना, देवेन्द्र सिंह राजपूत। नगरा थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरीपुठ से वाल्मीकि समाज के एक परिवार के साथ मारपीट, जातिसूचक गालियां देने, घर पर पथराव और फायरिंग किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस पर शिकायत के बाद भी सुरक्षा न दे पाने का आरोप लगाते हुए वायरल वीडियो के आधार पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित सूरत राम वाल्मीकि के अनुसार, 27 नवंबर की शाम उन पर, उनकी पत्नी सपना और बेटी मोनिका पर लाठी-डंडों से हमला किया गया तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित किया गया। घटना के बाद परिवार रात में रजौधा पुलिस चौकी पहुंचा और शिकायत आवेदन सौंपा।

परिवार का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के बाद कुछ लोगों ने उनके घर को घेरकर पथराव शुरू कर दिया। इस घटनाक्रम से जुड़ा गोली चलने का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिससे क्षेत्र में तनाव और चर्चा का माहौल है।

शिकायत के बावजूद घर पर पथराव और कथित फायरिंग होने से पीड़ित परिवार की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय स्तर पर मुरैना पुलिस अधीक्षक और नगरा थाना पुलिस से वायरल वीडियो की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की जा रही है।