छतरपुर, संदीप यादव। शहर के वार्ड नंबर 8 में रहने वाली एक मां अपनी 26 वर्षीय बेटी को गोद में लेकर राशन और पेंशन की मांग के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर काट रही है। मंगलवार को पीडि़त मां सितारा अपनी बेटी कायनात बानो को लेकर जनसुनवाई में पहुंची और अधिकारियों को आवेदन देकर मदद की गुहार लगाई।


सितारा ने बताया कि उनकी बेटी कायनात बानो की उम्र 26 वर्ष है और वह बीमारी से पीडि़त है। परिवार को पिछले करीब दो वर्षों से न तो राशन मिल रहा है और न ही बेटी की पेंशन मिल पा रही है। उनका कहना है कि संबंधित अधिकारियों द्वारा आधार कार्ड लिंक कराने के लिए कहा जा रहा है, लेकिन बार-बार प्रयास करने के बावजूद आधार लिंक नहीं हो पा रहा और प्रक्रिया रद्द हो जाती है।


सितारा के मुताबिक कायनात के पिता का पहले ही निधन हो चुका है और परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। उनके चार बच्चे हैं और बीमार बेटी की देखभाल तथा पालन-पोषण में उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


जनसुनवाई में आवेदन देते हुए सितारा ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी बेटी की बंद पेंशन और परिवार का राशन जल्द से जल्द शुरू कराया जाए। यदि तकनीकी कारणों से यह संभव नहीं हो पा रहा है तो बीमार बेटी के पालन-पोषण के लिए शासन-प्रशासन की ओर से उचित व्यवस्था और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।