बांदा, अनवर रजा। जनपद की चरका खदान खंड संख्या 10 में नियमों को ताक पर रखकर धड़ल्ले से अवैध खनन किया जा रहा है। मेसर्स इमारा इंटरप्राइजेज के नाम से संचालित इस खदान में एनजीटी के मानकों की अनदेखी करते हुए यमुना नदी की मुख्य जलधारा में प्रतिबंधित पोकलैंड मशीनें उतार दी गई हैं।
स्थानीय लोगों और सूत्रों का आरोप है कि खनन माफिया इमरान मलिक, राम जी निषाद, शकील अली और रेहान को एसडीएम बबेरू तथा खनिज अधिकारी का सीधा संरक्षण प्राप्त है। इसी मिलीभगत के चलते दिन के उजाले में नदी का सीना छलनी किया जा रहा है और रात के अंधेरे में बिना रॉयल्टी (एनआर) और ओवरलोडिंग के जरिए अवैध परिवहन कर सरकारी राजस्व को लाखों रुपये की चपत लगाई जा रही है।
ये भी पढ़ें




हालात यह हैं कि हाल ही में जनपद में खनिज निदेशक की छापेमारी के बावजूद खनन माफियाओं के हौसले बुलंद हैं और वे बेखौफ होकर अवैध खनन को अंजाम दे रहे हैं। अवैध खनन रोकने के लिए गठित डीएम की टास्क फोर्स भी मौके पर कार्रवाई करने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। आरोप है कि जनपद के जिम्मेदार अधिकारी ही जिलाधिकारी अमित आसेरी को गलत रिपोर्ट देकर गुमराह कर रहे हैं, जिससे खदान में अवैध खनन का खेल बेरोकटोक जारी है।
















