दमोह, राजेन्द्र तिवारी। दमकते जंगलों और प्राकृतिक संपदा को अवैध खनन से बचाने वाले वनरक्षक अब सुरक्षित नहीं हैं। ताजा मामला दमोह जिले के बांसा अंतर्गत आने वाले बासनी वन परिक्षेत्र से सामने आया है, जहां अवैध खनन की सूचना पर गश्त कर रहे एक बीट गार्ड के ऊपर खनिज माफियाओं ने ट्रैक्टर चढ़ाने का दुस्साहस किया। इस जानलेवा हमले में बीट गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस और वन विभाग के आला अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
अवैध खनन की सूचना पर पहुंचे थे वनकर्मी
घायल बीट गार्ड हर्ष राजपूत ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि वह बीती रात अपने रूटीन गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि जंगल के अंदर पलुआ मिट्टी का अवैध खनन और परिवहन धड़ल्ले से किया जा रहा है। सूचना मिलते ही हर्ष राजपूत ने तत्परता दिखाई और अपने तीन अन्य साथियों के साथ तुरंत मौके के लिए रवाना हो गए। जब वे संबंधित स्थल पर पहुंचे, तो उन्होंने अवैध रूप से मिट्टी भरकर आ रहे एक ट्रैक्टर को रुकने का इशारा किया।
ये भी पढ़ें




रोकने का प्रयास करने पर दिया जानलेवा हमला
वनकर्मियों को देखकर ट्रैक्टर चालक ने एक बार तो वाहन रोक दिया, जिससे बीट गार्ड को लगा कि स्थिति नियंत्रण में है। लेकिन जैसे ही बीट गार्ड हर्ष राजपूत ट्रैक्टर के बेहद करीब पहुंचे, चालक ने शातिर तरीके से अचानक ट्रैक्टर की रफ्तार बढ़ा दी और सीधा उनके पैरों के ऊपर से वाहन निकाल दिया। इस अचानक हुए हमले से हर्ष संभल नहीं सके और गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद आरोपी मौके से भागने की फिराक में था, लेकिन वनकर्मियों और स्थानीय पुलिस की मुस्तैदी से उसे धर दबोचा गया।
आला अधिकारी पहुंचे अस्पताल, आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी तुरंत मौके पर और जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायल बीट गार्ड का हालचाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। वहीं, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना के बाद से वन विभाग के कर्मचारियों में आक्रोश का माहौल है।















